Advertisement

रामपुर एचपीएस ने तलाई एवं बद्राश में आयोजित किया ‘स्वच्छ फूड स्ट्रीट’ कार्यक्रम

Spread the love

रामपुर, सितंबर। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान–2026’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में 23 सितंबर 2026 को ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस के मार्गदर्शन में तलाई एवं बद्राश में एनएच-05 के किनारे संचालित स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए ‘स्वच्छ फूड स्ट्रीट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता, स्वच्छ खाद्य पदार्थों तथा व्यक्तिगत एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता किट एवं आवश्यक स्वच्छता सामग्री उपलब्ध करवाई गई। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पानी के कैंपर भी प्रदान किए गए। खाद्य स्थलों पर उत्पन्न होने वाले कचरे के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण हेतु अलग-अलग डस्टबीन भी उपलब्ध करवाए गए।

‘स्वच्छ फूड स्ट्रीट’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के साथ-साथ आमजन में स्वच्छता, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों, व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य स्थल की साफ-सफाई तथा कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसके माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ खाद्य वातावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस, ई. विकास मारवाह ने स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं एवं आमजन से सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी एवं दृश्यमान परिवर्तन लाया जा सकता है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने स्थानीय स्तर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ खाद्य वातावरण को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *