Advertisement

‘आत्मनिर्भर भारत की खोज’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में शुभारंभ

Spread the love

अतीत के अनुभवों, वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं के संदर्भ में आत्मनिर्भर भारत पर दो दिवसीय अकादमिक विमर्श

शिमला, 24 सितंबर 2026। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (आईआईएएस), राष्ट्रपति निवास, शिमला में ‘The Quest for Atmanirbhar Bharat: From the Past, Through the Present, to the Future’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आज शुभारंभ हुआ। 24 एवं 25 सितंबर को आयोजित इस संगोष्ठी में आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को भारतीय ज्ञान परंपरा, स्वराज, स्वदेशी, एकात्म मानव दर्शन तथा विकसित भारत के लक्ष्य के व्यापक संदर्भ में अकादमिक विमर्श का विषय बनाया गया है।

संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र राष्ट्रीय गीत के साथ प्रारंभ हुआ। इसके उपरांत संगोष्ठी की संयोजक एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के Special Centre for National Security Studies (SCNSS) की सहायक प्रोफेसर डॉ. आयुषी केतकर ने स्वागत एवं विषय-परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने संगोष्ठी के व्यापक अकादमिक संदर्भ, उद्देश्य और इसके माध्यम से होने वाले अंतर्विषयक विमर्श की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उद्घाटन सत्र में भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। उन्होंने संगोष्ठी के विषय की अकादमिक प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए आत्मनिर्भरता को भारतीय ज्ञान, चिंतन और विकास-दृष्टि के व्यापक परिप्रेक्ष्य में समझने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सत्र के अंत में डॉ. राजीव कुमार मिश्रा, पुस्तकालयाध्यक्ष एवं एआरओ, आईआईएएस, शिमला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

संगोष्ठी की अवधारणा के अनुसार, आत्मनिर्भर भारत का प्रश्न केवल आर्थिक अथवा तकनीकी आत्मनिर्भरता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे भारत की बौद्धिक एवं सांस्कृतिक परंपरा, विकास-दृष्टि और समकालीन वैश्विक परिस्थितियों के संदर्भ में भी समझने की आवश्यकता है। इसी दृष्टिकोण के तहत संगोष्ठी का केंद्रीय विमर्श स्वराज से स्वदेशी तथा औपनिवेशिक काल से आत्मनिर्भर भारत@2047 तक की यात्रा को विभिन्न अंतर्विषयक दृष्टिकोणों से देखने पर केंद्रित है।

अवधारणा-पत्र में यह भी रेखांकित किया गया है कि संगोष्ठी के माध्यम से एकात्म मानव दर्शन को वैश्वीकरण के बाद की बदलती विश्व-व्यवस्था के संदर्भ में पुनः देखने तथा विकास के भारतीय दृष्टिकोण पर विचार करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रकृति और संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना, सतत एवं समावेशी विकास तथा समकालीन चुनौतियों के संदर्भ में भारतीय दृष्टिकोण की संभावनाओं पर भी विमर्श किया जा रहा है।

विभिन्न विषयों पर हुआ अकादमिक विमर्श

संगोष्ठी के प्रथम अकादमिक सत्र में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : विकसित भारत की आधारभूमि’, ‘एकात्म मानववाद, शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत’ तथा ‘चिति के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत’ जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां हुईं। इसके बाद आयोजित सत्र में एकात्म मानव दर्शन, समग्र मानववाद, भारतीय संविधान की मूल भावना तथा आत्मनिर्भरता से वसुधैव कुटुम्बकम् तक जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।

दो दिवसीय संगोष्ठी के माध्यम से आत्मनिर्भरता को वर्तमान समय की आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और वैश्विक चुनौतियों के साथ जोड़कर देखने का प्रयास किया जा रहा है। अवधारणा-पत्र में विकसित भारत और आत्मनिर्भरता, एकात्म मानव दर्शन, तकनीकी प्रगति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, विकास में असमानताएं, महिला-नेतृत्व वाला विकास तथा स्वराज-स्वदेशी-आत्मनिर्भर भारत के अंतर्संबंध सहित अनेक विषयों को विस्तृत अकादमिक विमर्श के लिए निर्धारित किया गया है।

भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान की यह संगोष्ठी संस्थान के उस अकादमिक विमर्श का हिस्सा है, जिसमें समकालीन राष्ट्रीय एवं वैश्विक प्रश्नों को विभिन्न ज्ञान-विषयों और दृष्टिकोणों के माध्यम से समझने का प्रयास किया जाता है। दो दिवसीय आयोजन के दौरान शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों द्वारा आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के ऐतिहासिक, दार्शनिक, सामाजिक, आर्थिक और समकालीन आयामों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

कल माननीय राज्यपाल करेंगे समापन सत्र की अध्यक्षता

संगोष्ठी का समापन सत्र 25 सितंबर 2026 को आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता करेंगे। समापन सत्र में माननीय राज्यपाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन, चार पुस्तकों का विमोचन, संगोष्ठी की रिपोर्ट प्रस्तुति तथा अकादमिक संबोधन निर्धारित हैं।

एशियाटिक सोसाइटी, मुंबई के अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ऑनलाइन माध्यम से वैलिडिक्टरी संबोधन देंगे। इसके पश्चात भारत प्रकाशन, दिल्ली के संपादक एवं आयोजक श्री प्रफुल्ल केतकर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता अध्यक्षीय संबोधन देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *