Advertisement

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत CTU-2 क्वारी रोड पर चला स्वच्छता अभियान

Spread the love
Oplus_16908288

झाकड़ी, 22 सितंबर। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” के अंतर्गत मंगलवार को CTU-2 क्वारी रोड पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर के मार्गदर्शन में चलाया गया, जिसमें नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के सीएसआर विभाग के कर्मचारियों के साथ महिला मंडल झाकड़ी की सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

स्वच्छता अभियान के दौरान CTU-2 क्वारी रोड के आसपास व्यापक स्तर पर सफाई की गई। मार्ग के किनारे तथा आसपास लंबे समय से एकत्रित कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया। अभियान के माध्यम से न केवल सार्वजनिक क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया, बल्कि अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। CTU-2 क्वारी रोड पर आयोजित स्वच्छता अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।

अभियान में एनजेएचपीएस की श्रीमती कौशल्या नेगी, उपमहाप्रबंधक (आर एंड आर/सीएसआर) तथा ई. रुमन देवी, सहायक प्रबंधक सहित सीएसआर विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वच्छता अभियान में स्वयं सक्रिय रूप से भाग लेते हुए कर्मचारियों तथा महिला मंडल झाकड़ी की सदस्याओं का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर महिला मंडल झाकड़ी की सदस्याओं को प्लास्टिक बैग के उपयोग को समाप्त करने की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए जूट बैग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित सामग्री भी प्रदान की गई। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग और व्यक्तिगत स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन द्वारा आयोजित यह अभियान स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। अभियान में कर्मचारियों और स्थानीय महिला मंडल की सक्रिय भागीदारी ने सामुदायिक सहयोग और स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *