Advertisement

69वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में शामिल हुए हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां

Spread the love


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां दक्षिण अफ्रीका की विधायी राजधानी केपटाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में शामिल हुए। यह सम्मेलन 13 से 17 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का प्रमुख विषय “बदलती विश्व व्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय कानून और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करना : राष्ट्रमण्डल नेतृत्व” रखा गया है। इस विषय पर गहन विचार-विमर्श के लिए विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें छह प्रमुख विषयों पर मंथन होगा।
सम्मेलन के मेजबान द्वारा “विविध अर्थव्यवस्थाओं में समावेशी एवं निष्पक्ष व्यापार के लिए अंतर-संसदीय बातचीत को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रमण्डल और उससे आगे असमानता एवं पिछड़ेपन को दूर करना” विषय रखा गया है। इसके अलावा “सुलभ संसद : दिव्यांग लोगों के लिए समावेशन”, “जलवायु अनुकूलन और लचीलेपन को बढ़ावा देने में संसदीय नेतृत्व”, “संसद में कृत्रिम बुद्धिमत्ता : वर्तमान उपयोग, संभावनाएं और कार्यान्वयन रणनीतियां”, “मानवाधिकारों की रक्षा और शांति को बढ़ावा देना : संसद की भूमिका” तथा “कानून बनने के बाद समीक्षा : संसद को जनता से जोड़ना” विषयों पर भी चर्चा होगी।
विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 16 सितम्बर को “कानून बनने के बाद समीक्षा : संसद को जनता से जोड़ना” विषय पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में अपना उद्बोधन देंगे। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना तथा हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे और विषय पर अपने विचार रखेंगे।
राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने से पूर्व कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के संबंध ऐतिहासिक मित्रता, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आर्थिक हितों तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति समान प्रतिबद्धता पर आधारित व्यापक राजनीतिक साझेदारी का स्वरूप ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल कूटनीतिक संपर्क तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, मानव गरिमा, लोकतंत्र और रंगभेद-विरोध के साझा इतिहास से गहराई से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत और दक्षिण अफ्रीका राजनीति, व्यापार, संस्कृति, रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और पर्यावरण सहित अनेक क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं। भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों की यात्रा महात्मा गांधी के सत्याग्रह से शुरू होकर नेल्सन मंडेला के रंगभेद-विरोधी संघर्ष, वर्ष 1993 में राजनीतिक संबंधों की स्थापना, वर्ष 1997 में रणनीतिक साझेदारी और आज के ब्रिक्स, जी-20, व्यापार, रक्षा, विज्ञान, संस्कृति तथा पर्यावरण सहयोग तक पहुंच चुकी है।
पठानियां ने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित नेल्सन मंडेला की विरासत और दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी की स्मृति इस साझेदारी को एक विशिष्ट नैतिक आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि लगभग 18 अरब अमेरिकी डॉलर का वार्षिक वस्तु व्यापार, लगभग 17 लाख भारतीय मूल के लोगों की उपस्थिति, बढ़ता रक्षा सहयोग और वैश्विक दक्षिण के मुद्दों पर दोनों देशों का साझा दृष्टिकोण भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को 21वीं सदी में विशेष महत्व प्रदान करता है।
सम्मेलन में भाग लेने से पूर्व दक्षिण अफ्रीका गणराज्य की संसद के प्रांगण में देश और विश्व के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिनिधियों के साथ विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां सामूहिक चित्र में भी शामिल हुए। इस अवसर पर विदेशों के विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *