Advertisement

एनएसएस शिविर में भारतीय ज्ञान परंपरा और करियर विकल्पों पर डॉ. विवेक शर्मा ने किया मार्गदर्शन

Spread the love


शिमला। क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू में आयोजित एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवकों के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा तथा +2 के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सालय टुटू में सेवाएं दे रहे मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. विवेक शर्मा ने स्वयंसेवकों को भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत, उसके मूल्यों और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के समग्र विकास, संस्कार, चरित्र निर्माण और जीवन-मूल्यों से भी गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जुड़े मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
व्याख्यान के दूसरे सत्र में डॉ. विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों को +2 के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने उच्च शिक्षा और रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप करियर का चुनाव करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य की योजना समय रहते तैयार करनी चाहिए तथा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, कार्यक्रम अधिकारी और सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी। डॉ. विवेक शर्मा ने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने भारतीय ज्ञान परंपरा और करियर विकल्पों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यार्थियों ने अपने भविष्य और करियर को लेकर अपने विचार एवं जिज्ञासाएं भी डॉ. विवेक शर्मा के साथ साझा कीं, जिनका उन्होंने मार्गदर्शन करते हुए समाधान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *