शिमला, 11 सितंबर। पुलिस थाना रामपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामपुर क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते बच्चे को जिला सोलन के गड़कला से सुरक्षित बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, 05 सितंबर 2026 को एक नाबालिग बच्चे के रामपुर क्षेत्र से लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 93/2026, धारा 137(2) बीएनएस, दिनांक 07.09.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की और विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश एवं तलाश अभियान चलाया।
पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम सामने आया और लापता नाबालिग को गड़कला, जिला सोलन से सकुशल बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नाबालिग घर पर बिना बताए चला गया था। पुलिस ने बच्चे की बरामदगी के बाद मामले से संबंधित सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
इसके उपरांत नाबालिग बच्चे को सुरक्षित रूप से उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।




Leave a Reply