Advertisement

अन्नाडेल स्वास्थ्य केंद्र को इनर व्हील क्लब शिमला ने भेंट की ईसीजी मशीन


शिमला, अगस्त। स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में इनर व्हील क्लब शिमला ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अन्नाडेल को अत्याधुनिक ईसीजी मशीन भेंट की। मशीन का विधिवत हस्तांतरण मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस के सलाहकार एवं हिमाचल प्रदेश ट्रेडिंग बोर्ड के निदेशक मलकीत सिंह तथा विशिष्ट अतिथि कैथू वार्ड की पार्षद कांता स्याल और अन्नाडेल वार्ड की पार्षद उर्मिला कश्यप की मौजूदगी में किया गया।
क्लब की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला ने कहा कि ईसीजी मशीन उपलब्ध करवाने का उद्देश्य हृदय संबंधी बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान सुनिश्चित करना और मरीजों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही महत्वपूर्ण जांच सुविधा मिल सकेगी।
चिकित्सक डॉ. मधु ने कहा कि हृदय संबंधी बीमारियों और सीने में अचानक दर्द जैसी आपात स्थितियों में शीघ्र एवं सटीक जांच बेहद जरूरी होती है। नई ईसीजी मशीन से मरीजों को जांच के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा और स्वास्थ्य केंद्र की प्रतिदिन जांच क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब शिमला की ओर से अस्पताल परिसर में पौधे भी लगाए गए। क्लब सदस्यों ने मरीजों और तीमारदारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए अस्पताल के अंदर विभिन्न जागरूकता पोस्टर भी लगाए। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में बनाए जा रहे पुनर्वास केंद्र के परिसर में ‘नशे को कहें ना’ संदेश वाले पोस्टर लगाए गए, ताकि लोगों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके तथा नशामुक्ति और उपचार के लिए मदद लेने का संदेश दिया जा सके।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब शिमला की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला, उपाध्यक्ष सोनिया अरोड़ा, सचिव अश्मिता शुक्ला, संयुक्त सचिव प्रियंका वत्स, कार्यकारी सदस्य रवीना जियानदानी तथा सदस्य तरनजीत कौर भोगल मौजूद रहीं। ईसीजी मशीन क्लब सदस्यों अश्मिता शुक्ला और तरनजीत कौर भोगल के सहयोग से उपलब्ध करवाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *