Advertisement

पीएचसी आनंदले में इनर व्हील क्लब ने भेंट की ईसीजी मशीन


शिमला, 21 अगस्त। स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदले को ईसीजी मशीन भेंट की। मशीन क्लब की ओर से मरीजों में हृदय संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार में सहायता के उद्देश्य से प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस के सलाहकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के ट्रेडिंग बोर्ड के निदेशक मलकीत सिंह रहे। कैथू वार्ड की पार्षद कांता सुयाल और आनंदले वार्ड की पार्षद उर्मिला कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। क्लब की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला ने कहा कि ईसीजी मशीन उपलब्ध होने से क्षेत्र के मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी तथा हृदय संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकेगी।
पीएचसी आनंदले की चिकित्सक डॉ. अभिलाषा ने कहा कि हृदय संबंधी बीमारी और अचानक होने वाले सीने के दर्द के मामलों में त्वरित एवं सटीक जांच बेहद जरूरी है। नई ईसीजी मशीन से मरीजों को जांच के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा और स्वास्थ्य केंद्र की दैनिक जांच क्षमता भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर क्लब की ओर से अस्पताल परिसर में पौधे भी लगाए गए। इसके अलावा मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता देने और बीमारी को लेकर भय कम करने के उद्देश्य से अस्पताल के अंदर जागरूकता पोस्टर लगाए गए। स्वास्थ्य केंद्र में बनाए जा रहे पुनर्वास केंद्र के परिसर में नशे के खिलाफ ‘नशे को ना कहें’ संदेश वाले पोस्टर भी लगाए गए, ताकि मरीजों और आगंतुकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला की उपाध्यक्ष सोनिया अरोड़ा, सचिव अश्मिता शुक्ला, संयुक्त सचिव प्रियंका वत्स, कार्यकारी सदस्य रवीना जियानदानी और सदस्य तरनजीत कौर भोगल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। ईसीजी मशीन क्लब की सदस्य अश्मिता शुक्ला और तरनजीत कौर भोगल के सहयोग से उपलब्ध करवाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *