Advertisement

कुलदीप पठानियां से मिले निर्वासित तिब्बती संसद के पूर्व उपाध्यक्ष आचार्य येशी फूंटोक


शिमला –
शिमला में निर्वासित तिब्बती संसद के पूर्व उपाध्यक्ष, इंडो-तिब्बत मैत्री संघ के सलाहकार एवं भारत-तिब्बत सहयोग मंच के वरिष्ठ सलाहकार आचार्य येशी फूंटोक ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने तिब्बती समुदाय, धर्मगुरुओं और निर्वासित तिब्बती सरकार के जनप्रतिनिधियों को सहयोग व सम्मान देने के लिए पठानियां का आभार जताया।
भेंट के दौरान फूंटोक ने तिब्बती समुदाय की 108 शांति संस्था की गतिविधियों की जानकारी भी दी। संस्था शिमला के चार शिक्षण संस्थानों—हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, राजीव गांधी उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला और सेंट बेड्स कॉलेज—में भारत-तिब्बत संबंधों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत-तिब्बत के ऐतिहासिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंधों से अवगत करवाना तथा इन संबंधों को भविष्य तक जीवित रखना है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और निर्वासित तिब्बती सरकार को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *