Advertisement

कोटखाई में 8 क्विंटल बिजली की तार चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


शिमला –
शिमला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 8 क्विंटल एसीएसआर एल्यूमिनियम कंडक्टर तार चोरी के मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला पुलिस थाना कोटखाई में अभियोग संख्या 62/2026, दिनांक 18 जुलाई 2026 को धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, विद्युत उपमंडल कोटखाई क्षेत्र में एचटी लाइन निर्माण कार्य के लिए लाई गई करीब 8 क्विंटल एसीएसआर कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत 2.5 से 3 लाख रुपये थी, 12 और 13 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। एएनपीआर और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर संदिग्ध वाहनों की पहचान की गई। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने जिला मंडी में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज (27 वर्ष) निवासी भ्युली, जिला मंडी, आकाश (24 वर्ष) निवासी दयारगी, तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा राहुल निवासी भ्युली, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक पिकअप वाहन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय एसीजेएम ठियोग के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *