Advertisement

जनजातीय उत्सव 2026: केलंग में खेलों का महाकुंभ, वॉलीबॉल और क्रिकेट होंगे मुख्य आकर्षण


केलांग –
केलंग में आयोजित होने वाले जनजातीय उत्सव 2026 को लेकर खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में खेलकूद उपसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक उपसमिति के अध्यक्ष एवं पीओआईटीडीपी केलंग अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक रश्मि शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनजातीय उत्सव के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाएगा। उत्सव का मुख्य आकर्षण वॉलीबॉल प्रतियोगिता रहेगी, जिसे दो श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा। पहली श्रेणी में केवल जिला स्तरीय टीमें भाग लेंगी, जबकि दूसरी श्रेणी सभी क्षेत्रों से आने वाली टीमों के लिए खुली होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा और विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त स्टिंगरी मैदान में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी इच्छुक टीमें हिस्सा ले सकेंगी। खेल प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, स्लो साइकिलिंग तथा जूनियर, महिला और वरिष्ठ नागरिक वर्ग के लिए मैराथन दौड़ भी शामिल होगी। स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी 5 अगस्त से पहले जारी कर दी जाएगी। जिला और जिला से बाहर के इच्छुक खिलाड़ी एवं टीमें पंजीकरण तथा अन्य जानकारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, केलंग से संपर्क कर सकते हैं। जनजातीय उत्सव 2026 खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पारंपरिक और आधुनिक खेलों का अनूठा संगम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *