Advertisement

आनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 88 ग्राम चरस और 192 बोतल अवैध देशी शराब बरामद, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज


कुल्लू: जिला कुल्लू के आनी क्षेत्र में पुलिस ने नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 ग्राम चरस और 192 बोतल अवैध देशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई 28 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस थाना आनी की टीम ने दलाश मेला ग्राउंड के निचले हिस्से तथा आनी-दलाश सड़क के ऊपर स्थित किराये के 8 कमरों और 2 शटरों में दबिश दी। तलाशी के दौरान उक्त परिसर से 88 ग्राम चरस और देशी शराब ऊना नंबर-1 की 16 पेटियां, जिनमें कुल 192 बोतलें थीं, बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार यह परिसर संजीत कुमार (49), पुत्र माया राम, निवासी गांव एवं डाकघर डहैर, तहसील आनी, जिला कुल्लू द्वारा किराये पर लिया गया था। बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत पुलिस थाना आनी में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
जिला पुलिस कुल्लू ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें। यदि किसी को मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब के कारोबार या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *