Advertisement

इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला मिडटाउन की नई अध्यक्ष बनीं पूनम शर्मा, भव्य समारोह में ग्रहण किया पदभार


शिमला, जुलाई। इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला मिडटाउन का इंस्टॉलेशन समारोह होटल ईस्टबोर्न, शिमला में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में इनर व्हील की पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (डिस्ट्रिक्ट 308) पीडीसी सीमा कपूर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न इनर व्हील क्लबों की अध्यक्षों, सचिवों, गणमान्य अतिथियों, क्लब सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष एवं आईपीपी नेहा शर्मा द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद परंपरानुसार कॉलर एवं लैपल पिन एक्सचेंज की रस्म संपन्न हुई, जिसके साथ पूनम शर्मा ने वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार संभाला।
मुख्य अतिथि केशव चौहान और पीडीसी सीमा कपूर ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पिन-अप कर उनके दायित्वों की औपचारिक घोषणा की। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पूनम शर्मा, आईपीपी नेहा शर्मा, उपाध्यक्ष नीरू जैन, सचिव रुपिंदर राजपाल, संयुक्त सचिव अनीता गुप्ता, कोषाध्यक्ष कामिनी ताहिम, आईएसओ आकांक्षा सूद तथा संपादक पूनम चंदेल को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समारोह के दौरान क्लब परिवार में दो नए सदस्यों का भी स्वागत किया गया। उन्हें सदस्यता पिन पहनाकर सेवा, मित्रता और सामाजिक सरोकारों के साथ जुड़ने का संकल्प दिलाया गया।
मुख्य अतिथि केशव चौहान ने अपने संबोधन में इनर व्हील क्लब द्वारा समाज हित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं पीडीसी सीमा कपूर ने नई टीम को सेवा, मित्रता और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष पूनम शर्मा ने अपने प्रथम संबोधन में सभी अतिथियों, सदस्यों एवं परिवारजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 की अंतरराष्ट्रीय थीम “Grow & Flourish” को आधार बनाकर क्लब महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगा।
कार्यक्रम का समापन सौहार्द, सम्मान और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *