Advertisement

डोडरा क्वार में अवैध भांग की खेती पर पुलिस का शिकंजा, 2,860 पौधे नष्ट; दो मामले दर्ज


शिमला –
शिमला जिले के डोडरा क्वार क्षेत्र में पुलिस ने अवैध भांग (कैनाबिस) की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। 26 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी डोडरा क्वार की टीम क्षेत्र में गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी। निरीक्षण के दौरान ग्राम गोसांगू में अवैध रूप से भांग की खेती किए जाने के दो मामले सामने आए।
पहले मामले में एफआईआर संख्या 69/2026 के तहत खसरा नंबर 42 में सूर्य देव निवासी धन्द्रावाड़ी के कब्जे वाली भूमि पर 1,550 भांग के पौधे पाए गए। इनमें से 1,530 पौधों को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया गया, जबकि शेष पौधों को कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया।
वहीं, एफआईआर संख्या 70/2026 के तहत खसरा नंबर 41 में उजेंद्री देवी निवासी धन्द्रावाड़ी की भूमि पर 1,310 भांग के पौधे अवैध रूप से उगाए गए पाए गए। इनमें से 1,290 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शेष पौधों को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 2,860 अवैध भांग के पौधों का पता लगाया गया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शिमला पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *