Advertisement

मेहली-शोघी बाईपास नाले से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

मेहली-शोघी बाईपास नाले से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस
शिमला, 26 जुलाई। पुलिस चौकी शोघी को 25 जुलाई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि मेहली-शोघी बाईपास स्थित एक नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर पुलिस ने पाया कि नाले के बीच पत्थरों के बीच एक अज्ञात पुरुष का शव फंसा हुआ था, जो अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था (डीकंपोज्ड कंडीशन) में था। शव को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एचपी एसडीआरएफ) की टीम के सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रथम दृष्टया शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव पूरी तरह से गल-सड़ जाने के कारण उसकी पहचान करना बेहद कठिन हो गया है। मृतक की दाहिनी बाजू पर “ॐ” का टैटू बना हुआ है, जो उसकी पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
पुलिस ने शव की पहचान और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के परिजन या परिचित पिछले कुछ दिनों से लापता हैं अथवा मृतक के संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध हो, तो इसकी सूचना तुरंत अपने निकटतम पुलिस थाना या पुलिस चौकी को दें, ताकि मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *